चारधाम यात्रियों को मिलेगी राहत, बदरीनाथ में आधुनिक अस्पताल की सुविधा
बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत तैयार हो रहा 45 बेड का आधुनिक अस्पताल अब अंतिम चरण में है। चार मंजिला इस भवन को उप-जिला अस्पताल (सब डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल) के तौर पर विकसित किया जा रहा है, जिससे उच्च हिमालयी क्षेत्र में आने वाले तीर्थयात्रियों को त्वरित और बेहतर इलाज मिल सकेगा।
31 अगस्त तक काम पूरा करने की डेडलाइन
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने निर्माण एजेंसी को 31 अगस्त तक हर हाल में काम पूरा करने की सख्त हिदायत दी है। अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए लिफ्ट लगाई गई है, वहीं एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ऑपरेशन थिएटर (OT) और आईसीयू (ICU) जैसी आधुनिक चिकित्सा तकनीकों की मशीनें पहुंच चुकी हैं और उनके इंस्टॉलेशन का काम तेजी से चल रहा है।
अक्टूबर में प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन की संभावना
अक्टूबर महीने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बदरीनाथ दौरा प्रस्तावित है, जिसे देखते हुए पीएमओ, शासन और प्रशासन के स्तर पर तैयारियां तेज हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. राजीव पाल के अनुसार, इसी दौरे के दौरान अस्पताल का लोकार्पण कर संचालन शुरू करने की योजना है। हालांकि जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पीएम दौरे का आधिकारिक प्रोटोकॉल अभी मिलना बाकी है।
श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत
चारधाम यात्रा के दौरान हर साल लाखों श्रद्धालु बदरीनाथ पहुंचते हैं। अधिक ऊंचाई और ऑक्सीजन की कमी के कारण अक्सर यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत व अन्य स्वास्थ्य समस्याएं होती थीं, जिसके चलते गंभीर मरीजों को नीचे के अस्पतालों में रेफर करना पड़ता था। इस हाई-टेक अस्पताल के शुरू होने से अब धाम में ही आपातकालीन और बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
जयपुर नगर निगम चुनाव: भाजपा की पार्षदों की बाड़ेबंदी की तैयारी, कांग्रेस भी सक्रिय
नेशनल लोक अदालत में लगभग 577584 मामले निराकृत
नए रंग विकल्पों के साथ सुजुकी जिक्सर रेंज लॉन्च