रुद्रपुर। कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र के बहुचर्चित गैंगरेप मामले में फरार चल रहे तीनों मुख्य आरोपियों को पुलिस ने देर रात एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस टीमें लगातार चेकिंग अभियान चला रही थीं। सोमवार देर रात बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में बाइक सवार तीन संदिग्धों को जब पुलिस ने रोकने का इशारा किया, तो वे भागने लगे। पुलिस द्वारा घेराबंदी करने पर आरोपियों ने जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि बाकी दो को मौके से ही दबोच लिया गया।

अवैध असलहे और कारतूस बरामद

पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गैंगरेप की धाराओं के साथ-साथ अब आरोपियों पर पुलिस टीम पर हमला करने और आर्म्स एक्ट (शस्त्र अधिनियम) के तहत भी अलग से मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अजय गणपति ने खुद जिला अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की। उन्होंने जांच अधिकारियों को गैंगरेप प्रकरण में सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाकर जल्द से जल्द अदालत में मजबूत चार्जशीट दाखिल करने के कड़े निर्देश दिए हैं। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस केस की विवेचना को अंतिम रूप देने में जुट गई है।