सल्ट। जीआइसी बांगीधार में भूगोल की प्रवक्ता आरजू अफरोज अंसारी द्वारा अनुशासनहीनता के नाम पर 12वीं कक्षा के पांच छात्रों के बाल कैंची से काटने, उनकी गणवेश (यूनिफॉर्म) पर ब्लेड मारने और कापियों के पन्ने फाड़ने के आरोप के बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया। इस घटना से आक्रोशित अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने विद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम के निर्देश पर जांच समिति का गठन कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि बीते बुधवार को प्रवक्ता आरजू अफरोज अंसारी ने कक्षा 12वीं के पांच विद्यार्थियों सौरभ, अनुज नेगी, सूरज बिष्ट, योगेश शर्मा और योगेश जोशी पर अनुशासनहीनता का आरोप लगाया था। आरोप है कि शिक्षिका ने नियमानुसार दंड देने के बजाय अमानवीय रवैया अपनाते हुए विद्यार्थियों के बालों पर कैंची चला दी।

जांच समिति गठित

घटना के विरोध में परिजनों और जनप्रतिनिधियों के हंगामे के बाद उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए जांच के निर्देश जारी किए। गठित समिति पूरे मामले की पड़ताल कर रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।