केदारनाथ जाने वाले यात्रियों के लिए अलर्ट, गौरीकुंड से आगे बढ़ने पर रोक
रुद्रप्रयाग| केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के समीप अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और बड़े पत्थर गिर जाने के कारण रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन ने गौरीकुंड से धाम की ओर जाने वाली पैदल आवाजाही पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। मार्ग पर फंसे और आने वाले यात्रियों को सुरक्षित स्थलों व पड़ावों पर ही रोक दिया गया है।
मार्ग साफ करने में जुटी आपदा प्रबंधन टीम, स्थिति पर रखी जा रही नजर
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह राजवार ने जानकारी देते हुए बताया कि चीरबासा के पास मार्ग बाधित होने की सूचना मिलते ही डीडीएमए (DDMA) की टीम राहत कार्य में जुट गई है। जेसीबी और आपदा प्रबंधन कर्मियों द्वारा रास्ते से पत्थरों व मलबे को हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मार्ग आवागमन के लिए पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक पैदल यात्रा स्थगित रहेगी।
प्रशासनिक स्तर पर समन्वय जारी, मार्ग खुलने पर जारी होगी नई सूचना
घटना के बाद से ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा मौके पर तैनात टीमों के साथ निरंतर संपर्क और समन्वय बनाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार स्थिति सामान्य होने और मार्ग के पूरी तरह सुचारू हो जाने के उपरांत यात्रा को पुनः शुरू करने के संबंध में अलग से आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
एसयूवी एलिवेट को नए अवतार में पेश करने की तैयारी