देहरादून। उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए शासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गए हैं। मौसम के खराब मिजाज के कारण 29 जुलाई बुधवार को बागेश्वर, टिहरी और चंपावत जिलों में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 29 और 30 जुलाई को उत्तराखंड के कई हिस्सों में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गर्जन के साथ बिजली चमकने और अत्यधिक तेज बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।

कई जिलों में भारी बारिश की आशंका

29 जुलाई को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। वहीं 30 जुलाई को बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी, टिहरी और नैनीताल में तेज बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिला प्रशासनों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

लैंडस्लाइड और नदियों के उफान से जनजीवन प्रभावित

राज्य में लगातार हो रही बारिश से नदियां-नाले उफान पर हैं और कई जगह लैंडस्लाइड होने से रास्ते बंद हो गए हैं। वाहनों की आवाजाही ठप होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करें और आवश्यक सावधानी बरतें।