अल्मोड़ा। छावनी (आर्मी कैंट) क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नरसिंह बाड़ी लिंक रोड पर सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया, जब सड़क किनारे खड़ा एक सूखा पेड़ अचानक भरभरा कर मार्ग पर आ गिरा। इस घटना की चपेट में आने से वहां पार्क की गई एक मारुति सुजुकी एस-क्रॉस कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि हादसा देर रात हुआ, जिसके कारण सड़क पर सन्नाटा था और किसी भी जनहानि की सूचना नहीं है।

भीषण टक्कर से माचिस की डिब्बी की तरह पिचकी कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सूखे पेड़ के गिरने का वेग इतना तेज था कि उसकी चपेट में आई एस-क्रॉस कार माचिस की डिब्बी की तरह पिचक गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह घटना दिन के समय या आवाजाही के दौरान हुई होती, तो कोई बड़ा वाहन या राहगीर इसकी जद में आ सकता था, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। हादसे के बाद मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

फायर ब्रिगेड ने पेड़ काटकर बहाल कराया यातायात

घटना की सूचना मिलते ही अल्मोड़ा फायर स्टेशन की रेस्क्यू टीम तुरंत मौका-ए-वारदात पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आधुनिक वुडन कटर (लकड़ी काटने वाली मशीन) की मदद से विशालकाय पेड़ को छोटे-छोटे हिस्सों में काटा। इसके बाद मलबे और टहनियों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया गया। इस आपातकालीन बचाव अभियान में लीडिंग फायरमैन अजब सिंह, चालक उमेश कुमार, फायरमैन धीरेंद्र सिंह और महिला फायरमैन चांदनी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।