रुद्रपुर:उत्तराखंड के रुद्रपुर (भदईपुरा) से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक की पत्नी अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई। पुलिस द्वारा बरामद किए जाने के बाद भी महिला ने अपने पति के साथ रहने से साफ मना कर दिया। पीड़ित पति का आरोप है कि अब उसकी पत्नी, ससुराल वाले और उसका प्रेमी मिलकर उस पर जबरन तलाक देने का दबाव बना रहे हैं और इनकार करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। स्थानीय पुलिस द्वारा सुनवाई न होने पर कोर्ट के दखल के बाद अब इस मामले में केस दर्ज किया गया है।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी लव स्टोरी, विरोध करने पर पति को पीटा

मूल रूप से पीलीभीत (यूपी) के रहने वाले और वर्तमान में रुद्रपुर के भदईपुरा में रह रहे धनीराम का विवाह साल 2013 में रामपुर की रहने वाली स्वाती से हुआ था। धनीराम ने अदालत को दिए शिकायती पत्र में बताया कि शादी के बाद से ही उसकी पत्नी का व्यवहार ठीक नहीं था। वह देर रात तक इंस्टाग्राम पर मैनपुरी के रहने वाले गौरव यादव नाम के युवक से चैटिंग और वीडियो कॉल पर बात करती थी। जब पति ने इसका विरोध किया, तो पत्नी और उसके मायके वालों ने मिलकर धनीराम के साथ मारपीट की, जिससे उसे समाज में काफी अपमानित होना पड़ा।

घर से नकदी और जेवर लेकर प्रेमी संग हुई फरार

पीड़ित के अनुसार, पिछले साल 25 सितंबर को जब वह अपने काम पर गया हुआ था, तब उसकी पत्नी घर में रखे करीब 20 हजार रुपये कैश, कीमती जेवरात और अपने बेटे को साथ लेकर प्रेमी गौरव यादव के साथ भाग निकली। धनीराम ने तुरंत रुद्रपुर थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस के सामने पति को ठुकराया, कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज

थाना पुलिस ने जब कार्रवाई करते हुए महिला को बरामद किया, तो उसने सबके सामने अपने पति धनीराम के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि वह सिर्फ गौरव के साथ ही रहेगी। इसके बाद वह अपने प्रेमी के साथ मैनपुरी चली गई। पीड़ित धनीराम का कहना है कि अब ये लोग उसे लगातार डरा-धमका रहे हैं ताकि वह तलाक के कागजात पर दस्तखत कर दे। पुलिस ने इस मामले में पहले एक्शन नहीं लिया, लेकिन अब कोर्ट के सख्त आदेश के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।