
खिजरसराय (गया)।
प्रखंड अंतर्गत नौडीह पंचायत के गोपालपुर मौजा स्थित रोड कूड़वा-सरबहदा के पास गोपालपुर खलिहान (पिंजौर) में मंगलवार देर रात आगजनी की घटना सामने आई है। आरोप है कि बीजोपुर गांव के करीब 20 लोग लुकवारी फेंकने के दौरान रात करीब 2:30 बजे खलिहान के पास पहुंचे और वहां रखे पुआल व लकड़ी में आग लगा दी, जिससे नेवारी पिंज धू-धू कर जलने लगा।
पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना के समय घर के सदस्य मौके पर मौजूद थे। आग की लपटें उठती देख उन्होंने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि कुछ लोगों ने मारपीट और गाली-गलौज कर उन्हें वहां से भगा दिया। इसके बाद ग्रामीणों को फोन कर सूचना दी गई।सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। अग्निशमन दल की मदद से आग तो बुझा दी गई, लेकिन तब तक खलिहान में रखा पुआल, नेवारी पिंज और अन्य कृषि सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
पीड़ितों का कहना है कि इस आगजनी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। होली दहन के दौरान हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पर्व-त्योहार के समय इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती हैं, इसलिए प्रशासन को मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।













