
शेरघाटी (गयाजी)।
शेरघाटी निवासी मंजू कुमारी के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके गुम हुए मोबाइल फोन का फायदा उठाकर फोन-पे खाते से कुल 1,09,000 रुपये निकाल लिए। पैसे गायब होने की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने 22 नवंबर 2025 को गया साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही साइबर थाना की टीम ने तत्परता दिखाते हुए साइबर क्राइम पोर्टल पर प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर बैंकिंग लेन-देन और संबंधित खातों की गहन जांच की गई। साइबर थाना की सक्रियता के कारण पुलिस पीड़िता के खाते में 79,350 रुपये की राशि वापस कराने में सफल रही।
हालांकि ठगी गई शेष राशि की बरामदगी को लेकर जांच अभी जारी है। इस त्वरित कार्रवाई के बाद पीड़िता मंजू कुमारी ने गया पुलिस और साइबर थाना टीम की सराहना की है।
साइबर थाना प्रभारी सह प्रशिक्षु डीएसपी साक्षी राय ने बताया कि साइबर टीम लगातार इस तरह के मामलों पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि मोबाइल गुम होने या साइबर ठगी की किसी भी घटना की सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।













