
गयाजी। जिले में अवैध बालू खनन और ढुलाई के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई की है। चंदौती थाना क्षेत्र के कंडी नवादा के पास डीएसपी विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में छापेमारी कर बालू माफियाओं की कमर तोड़ दी। इस कार्रवाई में पुलिस ने बालू लदे पांच ट्रैक्टर और एक बाइक जब्त की है।
खास बात यह रही कि पुलिस टीम एंबुलेंस के जरिए मौके पर पहुंची। जैसे ही एंबुलेंस रुकी, पुलिसकर्मी अचानक बाहर निकले और छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही बालू माफियाओं में अफरातफरी मच गई और वे अपने वाहन छोड़कर फरार हो गए। इस दौरान कुछ देर के लिए इलाके में तनाव का माहौल भी बना, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से इस इलाके में अवैध बालू खनन और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने पूरी रणनीति के साथ यह कार्रवाई की। जब्त सभी वाहनों को चंदौती थाना लाया गया है और इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

चंदौती थानाध्यक्ष अनिल चौधरी ने बताया कि फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस बालू माफियाओं के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुटी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध बालू खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।













